संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की ओर से वार्ड नंबर एक में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है। मेयर सुमन बहमनी ने 47.16 लाख रुपये की लागत से परशुराम कॉलोनी, नीलकंठ कॉलोनी और तेलीमाजरा कॉलोनी की विभिन्न गलियों के नवनिर्माण व स्टॉर्म वाटर लाइन डालने के कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
मेयर ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और तय समय सीमा में कार्य को पूरा किया जाए। मेयर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कराना है, ताकि सभी नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
वहीं, वार्ड पार्षद रीना रस्तोगी ने कहा कि वह लंबे समय से क्षेत्र की इन समस्याओं को लेकर नगर निगम के समक्ष मांग उठा रही थीं। अब गलियों के नवनिर्माण और स्टॉर्म वाटर लाइन डाले जाने से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। नगर निगम के सहायक अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर सभी गलियों का निर्माण कराया जाएगा। इस अवसर पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष निश्चल चौधरी, मंडल अध्यक्ष प्रियंक शर्मा और वार्ड पार्षद रीना रस्तोगी साथ रहे।