संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मेयर सुमन बहमनी व विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने सोमवार को संबंधित पार्षदों की उपस्थिति में तीन वार्डाें के लोगों को एक करोड़ 33 लाख 43 हजार रुपये से होने वाले विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने चार विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
मेयर बहमनी ने बताया कि वार्ड आठ के मॉडल टाउन में 23.03 लाख रुपये की लागत से स्वामी रामतीर्थ पार्क से लेकर ठकराल गारमेंट्स की दुकान तक सड़क व नालियों का निर्माण किया जाएगा। वार्ड 11 के गधौली गांव में 29.02 लाख की लागत से विभिन्न गलियों व नालियों का निर्माण किया जाएगा। 48.12 लाख की लागत से वार्ड नौ की करतारपुरा की गली नंबर एक से चार व ढिल्लो के घर से भव्य डिजिटल स्टूडियो तक सड़क व अंडरग्राउंड पाइप डालने के निर्माण किया जाएगा।
वार्ड नौ की महावीर कॉलोनी में 33.26 लाख की लागत से केशव लाल चड्ढा के घर से अरोड़ा ट्रेडिंग तक व हकीकत मदान के घर से सुरेंद्र प्रकाश के घर तक और सुखदेव सिंह के घर से राजन ग्रोवर के घर तक सड़क निर्माण व पाइप डालने का कार्य किया जाएगा। उन्होने निगम अधिकारियों को हर विकास कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के लिए नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से नगर निगम क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि जनता को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा शहरी विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मौके पर समाज कल्याण बोर्ड की चेयरपर्सन रोजी मलिक आनंद, पार्षद विभोर पाहुजा, पार्षद भावना बिट्टू, पार्षद संतोष रानी, पवन बिट्टू, राहुल कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमन सग्गड़, मनोज धीमान, संजीव गोंदी, डा. हर्षवर्धन, गुरमीत चावला मौजूद रहे।