संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा अनुसूचित जाति राजकीय अध्यापक संघ का प्रतिनिधिमंडल अध्यापकों की समस्याओं व मांगों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्होंने ज्ञापन सौंपकर समस्याएं दूर करने और मांगें पूरी करने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला प्रधान सतपाल ने किया। प्रधान सतपाल ने बताया कि इस दौरान अध्यापकों की समस्याएं संघ जिला शिक्षा अधिकारी के समक्ष रखी गई। इसमें अध्यापकों के लंबित एलटीसी और एसीपी मामलों, उनके बजट संबंधी समस्या, स्कूलों में अध्यापकों का छात्र संख्या अनुसार सामंजस्य करने, स्कूलों में कार्यरत ग्रामीण एजुसेट चौकीदारों के अप्रैल से रुके वेतन का बजट जारी करने, एमडीएम कुक के तीन माह से रुका वेतन जारी करने, प्राथमिक व मिडल स्कूलों की कंटीजेंसी की राशि जारी करने इत्यादि मांगों का ज्ञापन दिया गया।
जिन पर डीईओ ने कुछ मसलों का मौके पर समाधान कर दिया। जबकि एसीपी व एलटीसी के मामलों जल्द हल करने का आश्वासन दिया है। एमडीएम कुक का वेतन के लिए बैंक संबंधी समस्या का समाधान कर तुरंत बजट जारी करने का आश्वासन दिया। कंटीजेंसी ग्रांट राशि प्राथमिक व मिडिल स्कूलों को विद्यार्थी संख्या के अनुसार दो से तीन दिन में ही जारी करने की बात कही।
राज्य महासचिव विनोद मोहड़ी ने कहा कि वित्त विभाग द्वारा एलटीसी बजट पर 20 तो कभी 25 प्रतिशत या इससे ज्यादा की कैप लगा दी जाती है। जिस कारण शिक्षा विभाग में कार्यरत अध्यापकों व अन्य कर्मचारियों को एलटीसी का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। इस दौरान खंड प्रधान बिलासपुर प्रवीण कुमार, शालीन कुमार, सुरेंद्र मंधार, गुरनाम सिंह, बलिंद्र सिंह, संदीप कुमार, पवन कुमार, गुलाब सिंह, संजीव कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।