संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। घने कोहरे के कारण ट्रेनों का शेड्यूल बुरी तरह बिगड़ गया है। इसके चलते सभी ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। करीब एक महीने से ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ा हुआ है। इससे दो दर्जन से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हैं और कई घंटों की देरी से चल रही हैं।
वहीं, ट्रेनों के बिगड़ शेड्यूल के कारण यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी की रातें यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर बितानी पड़ रही हैं। शुक्रवार को अमरनाथ एक्सप्रेस पौने सात घंटे और हावड़ा मेल छह घंटे की देरी से पहुंची।
वहीं, लंबी दूरी की एक दर्जन गाड़ियां निर्धारित समय से एक से छह घंटे की देरी से चलीं। घने कोहरे के आगे रेलवे का फॉग सिक्योरिटी डिवाइस भी बेकार साबित हो रहे हैं। ट्रेनों की चाल मंद हो गई है। सिग्नल न होने के कारण लोको पायलट को पटाखों से रास्ता बताया जा रहा है। वहीं, नदियों, नहरों के पुलों से ट्रेनें पांच से दस किलोमीटर के काउंशन से निकाली जा रही है। इसका सबसे ज्यादा असर यात्रियों पर पड़ रहा है। प्लेटफार्म पर बर्फीली हवा के बीच यात्रियों को ठिठुरना पड़ रहा है। रेलवे वाणिज्यिक प्रबंधक एनके. झा ने कहा कि कोहरे में यात्रियों को सुगम व सुरक्षित सफर मुहैया करवाने के लिए रेलवे लगातार काम कर रहा है। कोहरे के कारण ट्रेनें लेट हो रही हैं। मौसम साफ होने पर सभी ट्रेनें नियमित व निर्धारित समय पर चलेंगी।