छछरौली। छछरौली-हसाबपुर सड़क मार्ग पर शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बुलेट सवार दो युवकों ने एक कार सवार युवक को जबरन रोककर उसके साथ मारपीट की, कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना सुबह करीब 10 बजे लेदी से छछरौली की ओर जाने वाले जंगल के रास्ते नई बनी सड़क पर गलोनी गेट माजरी के पास हुई।
बताया जा रहा है एक व्यक्ति गांव से किसी निजी कार्य से व्यासपुर जा रहा था। जब वह लेदी से छछरौली होते हुए व्यासपुर जाने के लिए जंगल मार्ग से गुजर रहा था, तभी गलोनी गेट माजरी के पास सामने से आई बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उसकी कार के आगे बाइक अड़ा दी और उसे रोक लिया। पीड़ित का कहना है कि उसने स्पष्ट रूप से बताया कि उसका कोई ट्रैक्टर-ट्राली नहीं है और वह केवल निजी काम से बिलासपुर जा रहा है, लेकिन हमलावरों ने उसकी एक न सुनी।
पैसे देने से इनकार करने पर दोनों युवकों ने डंडों से उसकी कार पर हमला कर दिया, जिससे कार के शीशे और बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद हमलावरों ने व्यक्ति के साथ भी लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। उधर, थाना छप्पर के जांच अधिकारी वेदपाल ने बताया कि इस मामले में शिकायत आई थी, लेकिन दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया है। संवाद