संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। भारतीय किसान यूनियन की बैठक सोमवार को विश्राम गृह में हुई। बैठक में सलेमपुर बांगर के 70 वर्षीय किसान अमृतपाल को गिरफ्तार करने, थाने में अभद्रता व अपमानित करने पर चर्चा की गई। बैठक में किसान से किए व्यवहार की कमेटी बनाकर जांच करने की मांग की। यहां से भाकियू के बैनर तले किसान तहसीलदार कार्यालय पहुंचे। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान सिंह की अगुवाई में तहसीलदार को डीसी के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया। यदि किसान से न्याय न किया गया तो यूनियन आंदोलन करेगी।
ज्ञापन में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान व जिला प्रधान सुभाष ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर किसान अमृतपाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। केस दर्ज करने की रात करीब 11 बजे पुलिस ने किसान को गाड़ी में डालकर थाने में ले जाया गया। यहां पर पुलिस कर्मचारियों ने किसान से अभद्र व्यवहार अपमानित किया। वरिष्ठ नागरिक से इस तरह का व्यवहार करना गलत है।
उन्होंने बताया कि अमृतपाल सिंह 70 वर्ष के हैं। उनसे ऐसा व्यवहार करना ठीक नहीं है। जिसके विरोध में पंचायत बुलाई गई है। इसके विरोध में तहसीलदार के माध्यम से डीसी को ज्ञापन सौपा गया है। प्रशासन इसके लिए दो किसान सदस्यों को लेकर कमेटी बनाए और मामले की जांच करे। इसके लिए 72 घंटे का समय दिया। यदि प्रशासन नहीं चेता तो आंदोलन किया जाएगा।