यमुनानगर। रणजीत कॉलोनी निवासी जसमीत सिंह के घर में घुसकर कुछ युवकों ने तोड़फोड़ की। विरोध करने पर उसकी मां व बहन के साथ भी मारपीट की। बीच बचाव में जब वह आया, तो उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। गांधीनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।
पुलिस को दी शिकायत में जसमीत ने बताया कि उसके पास दोपहर को गोल्डी नाम के युवक ने कॉल कर उसे कैंप स्थित पेट्रोल पंप के पास बुलाया। जब वह मौके पर पहुंचा, तो गोल्डी व बबलू मिले। आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे। आरोपी उसे गालियां देने लगे। विरोध करने पर मारपीट की। बाद में आरोपियों के जानकार तरनजीत, बिंद्र, कमलजीत व कुलदीप घर पर आए। आरोपियों ने घर में घुसकर जसमीत की मां व बहन के साथ मारपीट की। जब वह घर पर पहुंचा, तो उसे भी पीटा और धारदार हथियार से वारकर घायल कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने घर में रखा सामान भी तोड़ डाला। हेड कांस्टेबल विजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर पांच लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद