संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। कांवड़ यात्रा शुरू होने के साथ ही हरिद्वार व ऋषिकेश जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। इसके चलते जम्मूतवी व अमृतसर से रुड़की तक जाने वाली तमाम ट्रेनों में भी इन दिनों भीड़ देखने को मिल रही है। गाड़ियों में कांवड़ियों के अलावा गंगा दर्शन व स्नान के करने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ी है। ऐसे में लोगों ने कांवड़ यात्रा स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की है।
भीड़ से कांवड़ियों के साथ अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि ट्रेनों में चढ़ने के लिए लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। वहीं, दूसरी तरफ रेलवे ने अंबाला व फिरोजपुर मंडल से कांवड़ यात्रा के लिए इस बार कोई स्पेशल ट्रेन नहीं चलाई है। इससे भी अन्य ट्रेनों में भीड़ बढ़ी है।
लोगों का कहना है कि हरियाणा सहित पंजाब, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व चंडीगढ़ के कई जिलों से श्रद्धालु सावन में इस रूट से हरिद्वार जाते हैं। जिस कारण इस रूट से हरिद्वार, ऋषिकेश व रुड़की जाने ट्रेनों में इन दिनों कांवड़ियों की भारी भीड़ चलती है। पांच राज्यों के कांवड़ियों का यहां से निकलना होता है।
हालांकि यमुनानगर जगाधरी से हरिद्वार के लिए करीब आधा दर्जन गाड़ियां हैं। अत्याधिक भीड़ के सावन में यह गाड़ियां कम पड़ जाती हैं। कांवड़ियों के साथ अन्य लोगों को भी ट्रेन में चढ़ने में परेशानी होती है। ऐसे में रेलवे को कांवड़ मेले के दौरान इस रूट पर अतिरिक्त ट्रेन चलाई जानी चाहिए।
शहरवासी प्रतीक खुल्लर ने बताया कि हरिद्वार में उनकी ससुराल है। वे अकसर वहां पर उनका ट्रेन से ही आना जाना होता है। परंतु इन दिनों ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण परेशानी हो रही है। कांवड़ियों के कारण आरक्षित सीटों पर सफर करने वाले लोगों को भी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। शुक्रवार को उन्हें इससे काफी परेशानी उठानी पड़ी। रेलवे को कांवड़ मेले के लिए इस रूट पर विशेष ट्रेन चलानी चाहिए।
जगाधरी निवासी हरीश कुमार ने बताया कि इन दिनों ट्रेन से हरिद्वार जाना बहुत ही कठिन है। सबसे ज्यादा परेशानी परिवार व छोटे बच्चों के साथ जाने वाले लोगों को हो रही है। चूंकि कांवड़ यात्रा के कारण इन दिनों ज्यादा भीड़ है। कांवड़ियों के अलावा अन्य लोगों भी सावन में गंगा आरती व स्नान के हरिद्वार व ऋषिकेश जाते हैं। ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं होती है। रेलवे को इस रूट पर विशेष ट्रेन चलानी चाहिए।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे लगातार काम कर रहा है। भीड़ नियंत्रित करने के लिए विशेष अवसरों पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाती हैं। कांवड़ यात्रा के लिए कई अन्य रूट से विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं। अभी अंबाला रूट पर कांवड़ यात्रा विशेष ट्रेन नहीं चलाई गई है। रेलवे लोगों की सुविधा के अनुरूप कार्य कर रहा है। - एनके झा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक।