साढौरा। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने साढौरा से कालाअंब मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग उठाई है। इस संबंध में प्रशासन को लिखित प्रस्ताव भी भेजे गए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क की चौड़ाई कम होने और भारी वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
मार्ग से रोजाना सफर करने वाले नवतेज सिंह बैंस, सतनाम सिंह और गांव लाहड़पुर के मोहन सैनी ने बताया कि कालाअंब के औद्योगिक क्षेत्र में काम करने के लिए हर दिन हजारों बाइक सवार और खनन क्षेत्र से निकलने वाले ओवरलोड डंपर व कालाअंब के कारखानों से सामान लाने-ले जाने वाले भारी वाहन भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। सड़क संकरी होने के कारण बाइक सवार अक्सर वाहनों की चपेट में आ जाते हैं, जिससे हर दूसरे-तीसरे दिन हादसे सामने आ रहे हैं।
स्थानीय निवासी शिवदेव वर्मा ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़क के दुर्घटना संभावित स्थानों को सुधारने, बेहतर साइनेज और रोड मार्किंग सुनिश्चित करने की मांग की है। रिटायर्ड पुलिस अधिकारी दिदार सिंह ने कहा कि सड़क को फोरलेन करने से यातायात सुगम होगा और सड़क हादसों में भी कमी आएगी। उन्होंने बताया कि यदि सड़क पर डिवाइडर बनाया जाए तो ओवरटेकिंग आसान होगी और आमने-सामने की टक्कर की संभावना काफी हद तक कम हो जाएगी। संवाद