संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गर्मियों की छुट्टियों में जिले से लोग जम्मू के कटरा में श्री वैष्णो देवी माता के दर्शनों के लिए जाते हैं। इनमें काफी संख्या में लोग रोडवेज बसों का सहारा लेते हैं, पर तीन माह से यमुनानगर डिपो की कटरा रूट पर बस नहीं चल रही। ये देख लोग कटरा रूट पर बस सेवा बहाल करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में त्रिलोकपुर व उत्तरप्रदेश के सहारनपुर में शाकुंभरी रूट भी चलाने की मांग है।
ज्ञात हो कि हरियाणा रोडवेज के यमुनानगर डिपो से जम्मू के कटरा के लिए बस सेवा को किसान आंदोलन के चलते 11 फरवरी से बंद कर दी गई थी। हालांकि पंजाब के पटियाला रूट पर बस सेवा बहाल हो गई है, पर कटरा रूट पर बस सेवा अभी भी बंद है। जबकि जून में गर्मियों की छुट्टियों में जिले के काफी लोग कटरा स्थित मां वैष्णों देवी के धाम जाते हैं। ऐसे ही त्रिलोकपुर व शाकुंभरी स्थित देवीस्थलाें पर भी सैकड़ों लोग जाते हैं, पर त्रिलोकपुर व शाकुंभरी के लिए नवरात्र में ही बसें चलती है, किंतु श्रद्धालु गर्मियों की छुट्टियों में भी बसें चलाने की मांग कर रहे हैं।
अभिभावक सेवक मंच से महेंद्र मित्तल, संजय मित्तल, संदीप गांधी ने कहा कि स्कूलाें में छुट्टियां हो गई हैं। अभिभावक बच्चों संग पहाड़ी क्षेत्रों पर घूमने व देवीस्थलों पर दर्शनों के लिए जाने की योजना बना रहे हैं। लेकिन यमुनानगर डिपो से हरियाणा रोडवेज की बसों के कटरा, त्रिलोकपुर व शाकुंभरी रूट बंद पड़े हैं। जबकि तीनों रूटों के गर्मियों में रोडवेज बसों से जाने वाले काफी लोग हैं। जिनकी सुविधा के लिए तीनों रूट बहाल करने की मांग को लेकर जीएम रोडवेज को पत्र सौंपेंगे।
लोगों की जो भी मांग होगी, उस पर विचार कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएंगे। - संजय रावल, जीएम रोडवेज, यमुनानगर डिपो।