यमुनानगर। जिले के अमादलुपर क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर से एक युवक का सड़ा-गला शव मिला है। शव को नहर में बहता देख एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बुडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया।
बूड़िया थाना पुलिस ने बताया कि गोताखोर अमर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शव करीब एक माह पुराना हो सकता है, जो पूरी तरह से गल चुका है। शव की स्थिति इतनी खराब है कि उसकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराते हुए पहचान के लिए मोर्चरी में 72 घंटे तक सुरक्षित रखवाया है। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है और लोगों से भी पहचान के लिए सहयोग मांगा गया है। वहीं पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। संवाद