संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ताजेवाला क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर से बुधवार को बरामद हुए युवक के शव की पहचान मोहाली निवासी 25 वर्षीय सिराजुबदिन उर्फ सिराज के रूप में हुई है। मृतक के पिता शमशुदिन ने वीरवार को यमुनानगर पहुंचकर नागरिक अस्पताल में शव की शिनाख्त की। पहचान कराने में युवक के बाजू पर गुदा मोबाइल नंबर पुलिस का सहारा बना।
परिजनों के अनुसार सिराज बचपन से मानसिक रूप से कमजोर था और 72 प्रतिशत दिव्यांग था। वह अक्सर बिना बताए घर से निकल जाता था। कई बार उसे हिमाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों से वापस लाना पड़ा था। इसी कारण परिवार ने उसके बाजू पर स्थायी रूप से मोबाइल नंबर लिखवा रखा था, ताकि उसके भटकने पर लोग संपर्क कर सकें।
पिता शमशुदिन ने बताया कि वह मोहाली की सब्जी मंडी में आढ़ती का काम करते हैं। उनके परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें सिराज सबसे बड़ा था। 22 मई को सिराज अचानक घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद परिजनों ने मोहाली पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार शाम यमुनानगर पुलिस ने बाजू पर लिखे नंबर के आधार पर परिवार को सूचना दी।
इसके बाद मोहाली के शमशुदिन जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को बताया कि शव मानसिक रूप से कमजोर उनके बेटे सिराज का है। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।