बाकरपुर गांव में महिला का शव घर में फंदे पर लटका मिला। जिला करनाल के नबीपुर गांव की 28 वर्षीय मिंकल ने पहले घीड़ गांव के रहने वाले अनुज से कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद मिंकल को घर से भगाकर बाकरपुर गांव में रोबिन ने प्रेम विवाह किया था। मृतका के परिजनों ने रोबिन व उसके परिजनों पर उत्पीड़न व उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। थाना बूड़िया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में रोबिन व उसके परिजनों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया।
नबीपुर निवासी विशु ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन मिंकल की 2021 में करनाल के ही गीड़ गांव निवासी अनुज के साथ कोर्ट मैरिज हुई थी। शादी के करीब करीब पांच-छह महीने के बाद ही बाकरपुर गांव का रोबिन मिंकल को बहला-फुसला अपने गांव में ले आया था। तब से उन्होंने मिंकल को जबरन अपने घर में रखा हुआ था। तब से रोबिन व उसके परिजन मिंकल के साथ मारपीट करते थे। इसी साल जुलाई माह में जब आरोपियों ने मारपीट की तो मिंकल बाकरपुर गांव से भाग गई थी। मिंकल वहां से भागते हुए पास के ही साबापुर गांव में एक परिवार के यहां छिप गई थी। वहां रहने वाले लोगों ने नबीपुर में उनसे संपर्क कर सारी बात बताई थी। जब वह साबापुर में पहुंचे तो तब तक रोबिन मिंकल को अपने साथ घर ले जा चुका था। जिस पर उन्होंने थाना बूड़िया में रोबिन व उसके परिजनों के खिलाफ मिंकल के साथ मारपीट करने व उनसे नहीं मिलने देने की शिकायत की थी। परिजनों का आरोप है कि उनकी शिकायत पर तब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बुधवार रात करीब सात बजे बाकरपुर गांव से किसी ने फोन किया था कि रोबिन व उसके परिजनों ने मिंकल को मार दिया है। सूचना पाते ही वह यहां पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि मिंकल को मार कर फंदे पर लटकाया गया है। उसे लगातार टॉर्चर किया जा रहा था।
थाना बूड़िया एसएचओ भूपेंद्र राणा का कहना है कि मिंकल का शव घर में फंदे पर लटका मिला था। रोबिन से शादी के बाद उसके पास एक लड़की भी है। परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।