यमुनानगर। जिले के दड़वा के पास पश्चिमी यमुना नहर में शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। राहगीरों ने नहर में शव को उतराता देख डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोर की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया।
इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि शव की हालत बेहद खराब थी। शरीर काफी हद तक गल चुका था, हाथ-पैरों की त्वचा उतर चुकी थी और आंखें बाहर निकली हुई थीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शव के पेट पर कपड़े के साथ रस्सी कसकर बंधी हुई मिली, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सदर थाना के इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में शव करीब एक सप्ताह पुराना लग रहा है। मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष के पास आंकी गई है। पुलिस को मौके से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। संवाद