संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में सोनोलॉजिस्ट के रोजाना देरी से आने पर डीसी पार्थ गुप्ता ने संज्ञान लिया है। डीसी ने इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह को पत्र लिखा है। सिविल सर्जन ने जिला नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. नवजोत कौर को स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। पीएमओ इस बारे में सोनोलॉजिस्ट से जवाब तलब करेंगी।
जिला नागरिक अस्पताल में गर्भवतियों को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए कई दिनों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गर्भवतियां कुछ रोज से अस्पताल में चक्कर लगा रही थीं, लेकिन उनके अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे थे। गर्भवतियां सुबह से ही अल्ट्रासाउंड कराने के लिए अस्पताल में पहुंच जाती थीं, लेकिन सोनोलॉजिस्ट डॉ. संजना दुआ समय पर नहीं आ रही थीं। यहां तक की उनके आने या नहीं आने की खबर उनके स्टाफ तो दूर की बात है खुद पीएमओ डाॅ. नवजोत कौर को भी नहीं थी। इससे दिनभर गर्भवतियां अपने पति या अन्य परिजनों के साथ अस्पताल में ही बैठी रहती थी। इससे गुस्साए लोगों ने पीएमओ से मिलकर डॉ. संजना दुआ की मौखिक तौर पर शिकायत की थी।
लोगों ने आरोप लगाए थे कि सोनोलॉजिस्ट अक्सर अस्पताल में देरी से आती हैं। जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर पीएमओ ने डॉ. संजना दुआ से फोन पर बात करके उन्हें समय पर अस्पताल में आने की नसीहत दी थी। अगले दिन फिर से सोनोलॉजिस्ट दोपहर सवा 12 बजे के बाद अस्पताल में पहुंची। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा। िस पर संज्ञान लेते हुए डीसी ने पूरे मामले से अवगत कराने के लिए सिविल सर्जन को पत्र लिखा है।
सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि सोनोलॉजिस्ट डॉ. संजना दुआ समय पर अस्पताल में क्यों नहीं आ रही हैं इससे लेकर उनसे जवाब मांगा गया है। डीसी ने भी मामले पर संज्ञान लिया है। इसके लिए पीएमओ को पत्र लिख दिया है।