संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में इस बार मानसून में हुई अधिक बारिश से क्षेत्र की सड़कों को काफी नुकसान हुआ है। इन सड़कों को दोबारा से दुरुस्त करने के लिए डीसी पार्थ गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क), नेशनल हाई-वे अथॉरिटी (एनएचएआई) को निर्देश दिए थे। कई सड़कों पर कार्य शुरू भी हो चुका है। वहीं डीसी पार्थ गुप्ता ने इस मरम्मत कार्य का शुक्रवार को निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छछरौली रोड, लापरा व कलानौर की सड़कों का जायजा लिया, साथ ही डाली जा रही सामग्री की गुणवत्ता भी जांची। साथ ही जहां जो खामी मिली, उसे तुरंत सही करने के भी आदेश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने सड़क के डिवाइडरों को भी सही करने को कहा है। डीसी पार्थ गुप्ता ने बताया कि मानसून में जिले में हुई बारिश के चलते सड़कों पर काफी पानी जमा हो गया था। इससे मार्ग को काफी नुकसान हुआ है। रोड टूट गए जिससे गड्ढे बन गए। ऐसे में वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। डीसी ने बताया कि दोनों विभागों को जल्द ही अपने कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्य में कोताही न बरतने के लिए बोला गया है। इस निरीक्षण के दौरान सीटीएम पीयूष गुप्ता, कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यूडी पुनीत मित्तल, एनएचआई से एमएस सांगवान, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।