संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरांवा का डीसी पार्थ गुप्ता ने वीरवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने फिजिक्स व केमिस्ट्री लैब में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की। साथ ही मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच की।
डीसी ने कहा कि समय सारिणी के आधार पर कक्षाओं की व्यवस्थित रूप से कार्य योजना तैयार करें। अध्यापक उसके अनुसार अपना शिक्षण अधिगम कार्य करना और करवाना सुनिश्चित करें। डीसी ने प्रिंसिपल को निर्देश दिए कि विद्यालय में सभी शिक्षकों को टाइम टेबल बनाकर कक्षाओं में भेजने के लिए निर्देशित करें। समय-समय पर स्कूलों के औचक निरीक्षण किए जाएंगे अथवा किसी भी प्रकार की लापरवाही की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मिड-डे मील के अंतर्गत विद्यार्थियों को दिए जाने वाले खाने की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी जरूरी है इसलिए बच्चों को खेलकूद के लिए भी समय दिया जाए। शिक्षकों को चाहिए कि वे बच्चों को नए-नए आधुनिक तरीकों से पढ़ना सिखाएं तथा बच्चों को आधुनिक तकनीक व सोशल मीडिया से होने वाले फायदे और नुकसान के बारे में भी अवगत कराया जाए। इस अवसर पर एसडीएम व्यासपुर जसपाल सिंह गिल, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार उपस्थित रहे।