छछरौली। सिंहपुरा स्थित बिजली विभाग के शिकायत केंद्र में उस समय अफरातफरी मच गई जब दफ्तर के स्टोर रूम से लगातार तेज सीटी जैसी आवाज सुनाई देने लगी। कर्मचारियों ने जब आवाज का कारण जानने के लिए स्टोर रूम की जांच की तो वहां भारत के सबसे खतरनाक विषैले सांपों में गिने जाने वाले दबौया सांप (रसल वाइपर) को देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल वन्य जीव विभाग को सूचना दी गई।
बिजली विभाग के कर्मचारी अमित ने बताया कि वह अपने नियमित कार्यों में व्यस्त थे। इस दौरान स्टोर रूम से बार-बार तेज सीटी जैसी आवाज सुनाई देने लगी। कर्मचारियों ने जब अंदर जाकर देखा तो वहां रसल वाइपर सांप मौजूद था। सांप को देखते ही कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया।
विज्ञापन
इसके बाद वाइल्डलाइफ टीम को बुलाया गया। वाइल्डलाइफ की टीम करीब 20 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। टीम ने काफी मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया। इसके बाद सांप को जंगल में छोड़ दिया गया।
वाइल्डलाइफ कर्मचारी मोहित ने बताया कि यह रसल वाइपर प्रजाति का अत्यंत विषैला सांप है। रेस्क्यू के दौरान सांप इतना गुस्से में था कि उसने खुद को भी काट लिया। उन्होंने अपील की है कि यदि कहीं भी सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। वन्य जीव विभाग को सूचना दें। कर्मचारी मौके पर पहुंचकर पकड़ेंगे।