निरंजन कुमार राणा
यमुनानगर। सेना में नौकरी का सपना संजो रहे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। विद्यार्थियों को अब स्कूल में ही नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) में प्रवेश के लिए मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। प्रत्येक जिले के सरकारी स्कूलों में कोचिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे। शिक्षा निदेशालय ने वीरवार को देश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेज कर एनडीए कोचिंग के रजिस्ट्रेशन के लिए लिंक जारी किया है। पत्र में एनडीए के साथ-साथ कैडेट एंट्री स्कीम (सीईएस) तथा एसएसबी (सर्विस सिलेक्शन बोर्ड) में प्रवेश के लिए सरकारी खर्चे पर विद्यार्थियों को कोचिंग देने की बात भी कही गई है।
दरअसल सरकार ने यह कदम सुपर-100 कार्यक्रम के सफल होने के बाद कदम उठाया है। सुपर-100 के तहत कोचिंग लेने वाले प्रदेश के कई विद्यार्थियों का आईआईटी मुंबई व रुड़की सहित कई बड़े संस्थानों में दाखिला हुआ है। एमबीबीएस में भी सुपर-100 के तहत कोचिंग लेकर कई विद्यार्थी दाखिला लेने में कामयाब रहे हैं। सरकार ने इस साल 220 विद्यार्थियों को एनडीए, सीईएस व एसएसबी की कोचिंग देने का लक्ष्य रखा है।
11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगी फ्री कोचिंग
शिक्षा निदेशालय के मुताबिक सरकारी स्कूलों की 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले नॉन मेडिकल संकाय के विद्यार्थी विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करके सेना में अधिकारी के रूप में भर्ती हो सकेंगे। यूपीएससी द्वारा साल में दो बार एनडीए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इसके लिए एक निर्धारित पाठ्यक्रम है। विशेषज्ञों की देखरेख में बच्चों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। कोविड-19 के चलते फिलहाल ऑनलाइन माध्यम से यह कोचिंग दी जाएगी। स्थिति सामान्य होने पर हॉस्टल माध्यम से इसे चलाया जाएगा। दाखिले के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए निदेशालय द्वारा जारी किया गया लिंक चार जुलाई से एक्टिव हो जाएगा।
प्रदेश में युवाओं का रुझान पहले से ही सेना में जाने की तरफ है। इसके लिए शारीरिक बनावट भी बेहतर है। बिना कोचिंग के भी युवा बड़ी संख्या में सेना में देश की सेवा कर रहे हैं। हमारी प्लानिंग सेना के आफिसर कॉडर में प्रदेश के युवाओं को भर्ती कराने की है। सरकार ने विभिन्न प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए सुपर-100 कार्यक्रम शुरू किया था। यह काफी कामयाब रहा। इसी तर्ज पर अब एनडीए, सीईएस व एसएसबी की कोचिंग दिलाई जाएगी।
कंवरपाल गुर्जर, शिक्षा मंत्री, हरियाणा