अधिकारियों के साथ बैठक करते एसडीएम जसपाल सिंह गिल।प्रवक्ता
व्यासपुर। एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने अपने कार्यालय में उपमंडल व्यासपुर के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें एसडीएम ने साइक्लोथॉन 2.0 के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। गिल ने कहा कि साइक्लोथॉन 2.0 नाम से साइकिल यात्रा प्रदेश में चल रही है। यात्रा शनिवार (आज) व्यासपुर उपमंडल में दोपहर एक बजे प्रवेश करेगी। इसके स्वागत के सभी प्रबंध समय पर पूरे करेें।
एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आह्वान पर हरियाणा को ड्रग फ्री बनाने के संकल्प के साथ साइक्लोथॉन 2.0 प्रदेश भर में चल रही है। नशा मुक्ति का संदेश लेकर आ रही ऐतिहासिक यात्रा के स्वागत को लेकर पूरे उपमंडल में उत्साह व जोश है। उपमंडल प्रशासन की ओर से इस आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। सैकड़ों लोग पूरे जोश व उत्साह के साथ साइकिल यात्रा का स्वागत करने को उत्सुक हैं। एसडीएम ने बताया कि पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर से यात्रा उपमंडल में प्रवेश करेगी, जहां भव्य समारोह होगा। मंदिर में एसडीएम व्यासपुर, डीएसपी व्यासपुर व मंदिर कमेटी की ओर से उपमंडल में प्रवेश करने पर यात्रा का स्वागत होगा। इसके बाद शिव चौक व्यासपुर पर कार्यक्रम में पूर्व विधायक बलवंत सिंह साइक्लोथॉन का स्वागत करेंगे फिर हरी झंडी दिखाकर आगे रवाना करेंगे। आयोजन में उपमंडल के सैकड़ों साइकलिस्ट हिस्सा लेंगे और नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। शिव चौक व्यासपुर से चलकर जानकी जी विद्यालय मारवाकलां से होते हुए बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक पर साइक्लोथॉन यात्रा शाम 3.30 बजे पहुंचेगी। इसके बाद नारायणगढ़ में प्रवेश करेंगी।
बैठक में व्यासपुर के डीएसपी हरविंद्र सिंह, खंड विकास पंचायत अधिकारी कार्तिक चौहान, खंड शिक्षा अधिकारी नरेश पाल, राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य सुनील तनेजा व अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।