यमुनानगर। साइबर ठग ने गांव मांडखेड़ी निवासी प्रवीण कुमार का मोबाइल हैक कर उसके खाते से 2.64 लाख रुपये निकाल लिए। प्रवीण ने अपनी पेमेंट की जानकारी लेने के लिए कस्टमर केयर पर फोन किया था। तभी उसके साथ यह धोखाधड़ी हुई। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मांडखेड़ी निवासी प्रवीन कुमार ने साइबर क्राइम पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 सितंबर को उसने अपनी पेमेंट की जानकारी के लिए कस्टमर केयर नंबर पर फोन किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने उसे कहा कि वह अपने सीनियर से बात करता है। इसके बाद आरोपी व्यक्ति ने फोन काट दिया और दूसरे नंबर से उसे फोन किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी व्यक्ति ने उसे काफी समय तक बातचीत कर उसे अपने विश्वास में ले लिया और उससे बैंक खाते व क्रेडिट कार्ड की जानकारी ली।
फोन करने के बाद उसने देखा कि उसके पास उसके खाते से 264623 रुपये निकलने का संदेश आया हुआ था। आरोप है कि फोन करने वाले आरोपी व्यक्ति ने उसे बातों में लगाकर उसका फोन हैक कर उसके खाते से रुपये निकाले है। उसने दोबारा आरोपी को फोन किया, लेकिन आरोपी से संपर्क नहीं हो पाया। उसने बैंक जाकर अपने क्रेडिट कार्ड बंद करवाया। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। साइबर थाना पुलिस के जांच अधिकारी एसआई लज्जा राम का कहना है कि अज्ञात पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।