संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बीडीपीओ कार्यालय व्यासपुर में कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों के लिए जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान सीएससी संचालक को अपनी आईडी से ही ऑनलाइन काम करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में चंडीगढ़ से स्टेट मैनेजर नवीन कुमार, लोन बाजार के क्षेत्रीय सेल्स मैनेजर रितेश, जिला मैनेजर नितिन, जिला कोऑर्डिनेटर सुषमा और एचडीएफसी बीमा के क्षेत्रीय प्रतिनिधि भूपेश सहित अन्य ने हिस्सा लिया। स्टेट मैनेजर कुमार ने सीएससी सेंटर संचालित कर रहे महिला और पुरुष संचालकों को काम के दौरान आने वाली समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी दी।
इस दौरान कई संचालकों ने अपनी समस्याएं और सवाल अधिकारियों के सामने रखे, जिनका मौके पर ही समाधान करवाया गया। नवीन कुमार ने बताया कि पिछले कुछ समय में गलत तरीके से काम करने वाले कुछ सीएससी संचालकों की आईडी भी रद्द की गई हैं। उन्होंने संचालकों को नियमों के अनुसार काम करने की सलाह दी।
नवीन कुमार, नितिन और सुषमा ने कहा कि सीएससी सेंटर का उद्देश्य केवल आर्थिक लाभ कमाना नहीं, बल्कि आम लोगों को सरकारी और निजी सेवाओं की सही जानकारी देकर उनकी मदद करना भी है। संचालक अपने सेंटर नियमित रूप से खोलें और वहां आने वाले लोगों को सेवाओं से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध करवाएं।
उन्होंने विशेष रूप से संचालकों को आगाह किया कि वे अपनी सीएससी आईडी से ही ऑनलाइन कार्य करें। किसी अन्य थर्ड पार्टी एप या अनधिकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से काम करने से बचें। ऐसे एप के जरिये धोखाधड़ी होने की आशंका रहती है, जिससे संचालकों को आर्थिक नुकसान और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।