संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गन्ने का रेट बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहे किसान आंदोलन का असर सरस्वती शुगर मिल के नए पेराई सत्र के शुभारंभ पर भी दिखाई दिया। मंगलवार को मिल में नए पेराई सत्र का औपचारिक शुभारंभ तो हो गया, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ जब मिल में पेराई के लिए गन्ना ही उपलब्ध नहीं हुआ।
आंदोलन के चलते कोई भी किसान गन्ना लेकर मिल में नहीं पहुंचा। ऐसे में पूजा-अर्चना के बाद गन्ने को मिल में डालकर केवल शुभारंभ की रस्म अदायगी की गई। हालांकि इस मौके पर कुछ किसान मौजूद रहे। मिल प्रबंधन की ओर से सीजन 2026-27 में 95 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मिल में पेराई सत्र का शुभारंभ चीफ एग्जीक्यूटिव कुलदीप कुमार ने किया। इस दौरान सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (प्रशासन) डीपी सिंह और वाइस प्रेसिडेंट (केन) ललित कुमार भी मौजूद रहे। मिल में गन्ना सप्लाई करने वाले पहले किसान गांव दौलतपुर निवासी मुस्तफा को हार पहनाकर और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
चीफ एग्जीक्यूटिव कुमार ने बताया कि मिल को सुचारु रूप से चलाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। इस सीजन में 95 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पिछले सीजन में 92.58 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हुई थी। इस बार लक्ष्य में करीब 2.42 लाख क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है।
वहीं जिन किसानों ने चार से पांच फुट की दूरी पर बिजाई की है, उनके खेतों में केन हार्वेस्टर से कटाई करवाई जाएगी।
वाइस प्रेसिडेंट (केन) ललित ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए मिल क्षेत्र में 45 गन्ना खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर वरिष्ठ अधिकारियों के फोन नंबर भी चस्पा किए गए हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी संजय जैन, सुखविंद्र सिंह, सुधीर चंदाना, राजीव मिश्रा, डीके मिगलानी, केके कपूर, समीर आर्य, अश्वनी आर्य मौजूद रहे।
मोबाइल पर एसएमएस से मिलेगी पर्ची की जानकारी
ललित ने बताया कि सीजन 2026-27 में भी मिल गेट पर एडवांस टोकन प्रणाली लागू की गई है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे अपनी ट्रॉली के लिए टोकन नंबर और लाइन का चुनाव कर सकेंगे। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी ट्रॉली पर मिल द्वारा जारी नंबर अवश्य लिखवाएं। इस बार गन्ने की पर्ची के बजाय पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजकर पर्ची नंबर और गन्ने की किस्म की जानकारी दी जाएगी। पर्चियों की एडवांस कैलेंडरिंग भी पारदर्शी तरीके से की गई है। किसान निर्धारित हाड़ा और पर्ची पर अंकित तारीख के अनुसार ही गन्ना लेकर आएं। बांडिंग की मात्रा के अनुरूपआपूर्ति सुनिश्चित करें। जिन किसानों के पास पड़त से अधिक गन्ना होगा, उसे भी खरीदा जाएगा।
बिना गन्ने के सुनसान पड़ा सरस्वती शुगर मिल का यार्ड। संवाद
बिना गन्ने के सुनसान पड़ा सरस्वती शुगर मिल का यार्ड। संवाद