संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जन्माष्टमी की जिलेभर में खूब धूम रही। जन्माष्टमी को लेकर शहर सहित जिले के सभी मंदिरों को फूलों व रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। शनिवार को अष्टमी पर मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की कतारे लग गई थी। मंदिरों में देर रात तक जन्माष्टमी के विभिन्न कार्यक्रम करवाए गए। मंदिरों में झांकियां व रास इत्यादि कार्यक्रम हुए।
जिले में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर मंदिरों को लड़ियों और फूलों से बड़ी भव्यता के साथ सजाया गया। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण को पालने में झुलाया तथा कतारबद्ध होकर भगवान की मूर्तियों के दर्शन किए और प्रसाद लिया।
रघुनाथ पुरी स्थित इस्कॉन मंदिर में देवी-देवताओं के पूजन-अर्चना और दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। रात नौ बजे भगवान का जलाभिषेक किया गया। जिसके बाद मंदिर में देर रात-तक पूजन और संकीर्तन चलता रहा। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के बाद उनका पूजन अर्चन कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, जगाधरी रोड स्थित रघुनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंच पूजन किया। हनुमान मंदिर रामपुरा में मंदिर को लड़ियों, फूलों और गुब्बारे से सजाया गया।
सजाया गया इस्कॉन मंदिर। संवाद
सजाया गया इस्कॉन मंदिर। संवाद
सजाया गया इस्कॉन मंदिर। संवाद