संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले श्री राम प्राण प्रतिष्ठा को लेकर श्री जंगला वाले माता जी के मंदिर द्वारा रविवार को कलश शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में खुद जंगला वाले माताजी शामिल हुए और भक्तों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान श्रद्धालु जय श्री राम, जय माता दी के जयकारे लगाते चल रहे थे। सुबह मंदिर से यह यात्रा बैंड बाजों एवं ढोल नगाड़ों के साथ आरंभ हुई। आगे बैंड बाजे वाले चल रहे थे और फिर कलश उठाएं महिला श्रद्धालु चल रही थी। साथ ही माताजी यात्रा के साथ चलते हुए श्रद्धालुओं को अपना आशीर्वाद दे रहे थे। यह यात्रा सबसे पहले श्री हनुमान मंदिर रामपुरा में पहुंची जहां पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर माताजी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद माताजी ने मंदिर में पूजा अर्चना की। पूजा अर्चना के बाद माताजी दोबारा यात्रा में शामिल हो गए। यह यात्रा हनुमान मंदिर से चलकर मधु चौक, प्यारा चौक और फिर श्री सिंह सभा गुरुद्वारा नेहरू पार्क पहुंची। यहां पर भी माताजी ने गुरुद्वारा साहिब में माता टेका। आर्य समाज मंदिर व श्री सनातन धर्म मंदिर में भी माताजी ने माथा टेका। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ हजारों की संख्या में श्रद्धालु शोभा यात्रा पर फूल वर्षा कर रहे थे। यात्रा में श्री लाल द्वारा मंदिर यमुनानगर एवं विभिन्न धार्मिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। श्री जंगला वाले माता मंदिर के सेवक नरेश उप्पल ने बताया कि 22 जनवरी को होने वाले श्री राम प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर 22 जनवरी तक प्रतिदिन मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि माताजी 30 वर्षों के बाद पहली बार शोभायात्रा में शामिल हुए हैं जिसको लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया।