संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। बीती रात पहाडी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश से आए उफान से गांव रामपुर बिहटा व मुजाफत में सोम नदी की पटरी टूट गई। इससे पानी खेतों की ओर रुख कर गया और 200 एकड़ फसल जलमग्न हो गई।
हिमाचल प्रदेश के कैचमेंट एरिया में भारी बारिश हो रही है। बारिश का पानी काठगढ़ स्कूल, पाबनी क्षेत्र व सोम नदी के साथ लगते निचले क्षेत्र में किसानों काे काफी नुकसान पहुंचा रहा है। धान, गन्ना और पाॅपुलर की फसलें पानी में डूब गई। किसान बलदेव सिंह, सोहनलाल, वेद प्रकाश, रमेश, कुमार, लक्ष्मन, बृजपाल, सुरेश, सतीष, महिपाल ने बताया कि पहली बारिश में ही उनकी फसलें काफी हद तक नष्ट हो चुकी थीं।
खेतों में भरा पानी फसल को खराब कर रहा है। समय रहते समुचित प्रबंधन न किए गए तो नदी में दोबारा पानी आने से तबाही मच सकती है। इसके अलावा पशुओं के चारे की भारी किल्लत खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में सोम नदी के किनारे मजबूत तटबंध बनाकर ऐसी स्थिति से बचाव की ठोस व्यवस्था की जाए।