यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल के परिसर में क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) बनाने की प्रकिया तेज हो गई है। इसके निर्माण पर करीब 33 करोड़ रुपये खर्च आना है। निर्माण को सिरे चढ़ाने के लिए टीमें लगातार चयनित जमीन का दौरा कर रही हैं।
गत सप्ताह आई टीम ने सीसीयू में लगने वाले ऑक्सीजन प्लांट, पावर सब स्टेशन व गंदे पानी की निकासी के लिए सीवरेज सिस्टम लगाने को लेकर योजना बनाई। जल्द ही क्रिटिकल केयर यूनिट की नींव रखी जा सकती है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत बनने वाले इस सीसीयू की ड्राइंग जनवरी 2024 में ही फाइनल कर दी गई थी। इसके तीन मंजिला भवन में गंभीर रोगों के मरीजों के लिए 50 बेड की व्यवस्था होगी।
जिला नागरिक अस्पताल में सिविल सर्जन कार्यालय के सामने खाली पड़ी जमीन पर क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण होना है। यह जमीन करीब सात हजार वर्ग मीटर है। वर्ष 2020 में आई कोरोना महामारी के बाद केंद्र सरकार की तरफ से क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण की योजना बनाई थी। जिले में इसके लिए जगह उपलब्ध है या नहीं इसकी जानकारी मांगी गई थी।
पर्याप्त जगह मिलने पर केंद्र की टीम इसका निरीक्षण कर चुकी है। क्रिटिकल केयर यूनिट के बनने से गंभीर रोगों के मरीजों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। इसमें कोरोना पाजिटिव, डाइलेंसिस, हार्ट ब्रेन अटैक, फेफड़ों संबंधी रोगी, आग व करंट से झुलसे लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा। वहीं सिटी स्कैन मशीन से लेकर एक्सरे यूनिट, अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर की सुविधा मिलेगी।
इतना ही नहीं, यहां पर गर्भवती महिलाओं को भर्ती करने की भी विशेष सुविधा रहेगी। वर्ष 2020 में जब कोरोना महामारी आई थी तो संसाधनों के अभाव गंभीर रोगियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। भविष्य में इस तरह की संभावनाओं को देखते हुए केंद्र सरकार ने सीसीयू का निर्माण करने का निर्णय लिया था। इसमें डाॅक्टर से लेकर स्टाफ तक की व्यवस्था केंद्र सरकार के अधीन होगी। संवाद