कंपनी बना कर धोखाधड़ी करने के आरोप में शहर जगाधरी पुलिस ने दो भाइयों समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हुडा सेक्टर-17 निवासी तरसेम कुमार ने पुलिस शिकायत में बताया वर्ष 2016 में उसके भाई के स्कूल में कंस्ट्रक्शन वर्क चल रहा था। इस दौरान अमादलपुर निवासी राहुल व उसके भाई संदीप से उनकी मुलाकात हुई थी, जोकि रेत-बजरी की सप्लाई का काम करते थे। आरोपियों ने बताया पंचकुला-सहारनपुर हाइवे का काम शुरू हो रहा है, जिसका टेंडर बड़ी कंस्ट्रक्शन कंपनी ने लिया है। हाइवे के निर्माण में कंपनी को मिट्टी सप्लाई की जा सकती है, जिससे अच्छा खासा फायदा होगा। शिकायत में तरसेम कुमार ने बताया वह आरोपियों की बातों में आ गया। इसके लिए आरके ट्रेडर फर्म के माध्यम से कंपनी में मिट्टी सप्लाई की जाने लगी। आरोप है कि आरोपियों को एक बार 10 लाख, एक बार 70 लाख रुपये और ब्लैंक चेक दे दिया। फर्म के माध्यम से मिट्टी की आपूर्ति की जाने लगी। इसी बीच कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से 35 लाख रुपये का चेक भी दिया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया आरोपियों ने उन्हें कुछ नहीं दिया और उनके साथ करीब दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने आरोपी संदीप, राहुल, प्रिया व मोनिका के खिलाफ भादंसं की धारा 420, 467, 468 व 471 सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उधर, एसएचओ सुनील कुमार का कहना है कि शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर केस दर्ज किया है। पुलिस मामले में तफ्तीश कर रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।