आंख में मिर्ची डाल लोगों से लूटपाट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को सीआईए-1 टीम ने अंबाला के मुलाना से गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनका एक साथी फरार है। आरोपियों ने बीती 22 दिसंबर को गांव खेड़ा के समीप फाइनेंस कंपनी के बाइक सवार कर्मी से मारपीट व आंखों में मिर्ची डाल 16700 रुपये, मोबाइल व लैपटॉप लूट की घटना कबूल की। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है। दोनों से चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया गया वहीं, नकदी व लैपटॉप की बरामदगी व उनके तीसरे साथी की गिरफ्तारी के लिए पूछताछ जारी है। गिरोह के सदस्यों से अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की उम्मीद है।
21 दिसंबर को जनलक्ष्मी फाइनेंस कंपनी के कलावड़ निवासी रजनीश करीब 12 बजे बाइक से गांव सिरसगढ़ कंपनी की किश्त लेने गया। कलेक्शन कर सिरसगढ़ से अंबाला रोड होते वह गांव खेड़ा मोड़ पर पहुंचा। तब मोड़ पर दोनों ओर दो युवक खड़े थे। कुछ ही दूरी पर एक अन्य युवक बाइक पर सवार था। मोड़ होने के कारण रजनीश ने बाइक को धीमी रफ्तार में किया। इसी दौरान मोड़ पर खड़े दोनों युवक बाइक की ओर लपके और जबरदस्ती उसे रुकवा दिया। देखते ही उक्त दोनों युवकों ने रजनीश के साथ हाथापाई शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने रजनीश का हेलमेट उतार कर उसकी आंखों में मिर्च डाल दी। इसी दौरान दोनों आरोपी उसके बैग से 16 हजार 200 रुपये व जेब से 500 रुपये व उसका मोबाइल और लैपटाप लेकर बाइक सवार युवक के साथ फरार हो गए। रजनीश ने इसकी शिकायत थाना सदर जगाधरी में दी गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी राजेश कालिया ने इसकी जांच का जिम्मा सीआईए-1 इंचार्ज संदीप कुमार को दिया। संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। जांच में जुटी टीम को शुक्रवार गुप्त सूचना मिली वारदात में शामिल आरोपी सिरसगढ़ निवासी कर्मसिंह उर्फ कर्मा व संजीव अंबाला के मुलाना में है। इस पर टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपियों से चोरी का मोबाइल बरामद किया गया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। ताकि उन से नकदी व लैपटॉप की बरामदगी और उनके तीसरे साथी का पता लगाया जा सके।
संदीप कुमार, इंचार्ज, सीआईए-1।
कार से उड़ाए डेढ़ लाख रुपये की नकदी व लैपटॉप
नगर निगम कार्यालय के सामने शुक्रवार देर शाम की घटना
मॉडल टाउन के विनय सहगल की शिकायत पर केस दर्ज
यमुनानगर। नगर निगम कार्यालय के सामने खड़ी कार से चोरों ने शुक्रवार देर शाम डेढ़ लाख रुपये की नकदी, लैपटॉप समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
मॉडल टाउन निवासी विनय सहगल ने थाना शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया वह कार में सवार होकर बाजार में किसी काम से गए थे। वह कार को नगर निगम कार्यालय के सामने खड़ी कर किसी काम से चले गए। जब वह वापस आए तो कार की खिड़की खुली हुई थी और उसमें से डेढ़ लाख रुपये की नकदी, लैपटॉप, चेकबुक व स्टांप पेपर गायब थे। आसपास के लोगों से इस बारे में बातचीत की, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल पाया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
मामले की जांच कर रहे थाना शहर यमुनानगर के एएसआई प्रेमचंद ने कहा कि मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थे। घटनास्थल के आसपास स्थित दुकानों के बाहर लगे सीसी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द वही आरोपितों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।