दहेज की मांग पूरी न होने पर दो स्थानों पर ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिताओं को पीटकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर उनके ससुराल पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना रादौर पुलिस को दी शिकायत में रीना ने बताया कि उसकी शादी गत दो मार्च को अजय के साथ हुई थी।
शादी के कुछ समय तक सब ठीक ठाक चलता रहा, किंतु बाद में ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए तंग करने लगे, लेकिन अधिक दहेज देने में मायके वाले असमर्थ थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति अजय और ससुराल पक्ष के सदस्य गिरधारी, बबली, सुनील और अनिल ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया और बिना दहेज वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी।
उसने मायके पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। उधर, फर्कपुर निवासी रणजीत कौर ने बताया कि उसकी शादी विश्वकर्मा मोहल्ला की गली नंबर छह निवासी मंदीप के साथ हुई थी। शादी के बाद दहेज की मांग को लेकर उसके पति मंदीप और ससुराल पक्ष के सदस्यों हरजिंद्र, चरणजीत कौर व दलजीत कौर ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। उसने मायके आकर परिजनों की मदद से आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।