जगाधरी-पौंटा नेशनल हाइवे 73ए पर गांव अराईयांवाला के नजदीक कार की टक्कर से बाइक सवार एक दोस्त की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव अराईयांवाला निवासी जगदीश ने खिजराबाद पुलिस को दी शिकायत में बताया उनके गांव का ओमबीर शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे दोस्त अभिषेक सागर के साथ बाइक पर किसी काम से जा रहे थे। जब वह दोनों जगाधरी-पौंटा नेशनल हाइवे 73ए पर गांव अराईयांवाला के नजदीक पहुंचे तो तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ओमबीर व अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने उन दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर चिकित्सकों ने अभिषेक सागर को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।