फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोहगढ़ गुरुद्वारे में कब्जे का प्रयास

Sat, 10 Sep 2016 12:35 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, यमुनानगर।
विज्ञापन
यमुनानगर - फोटो : यमुनानगर
विज्ञापन
यमुनानगर/बिलासपुर। सिखों की पहली राजधानी लोहगढ़ में स्थापित गुरुद्वारे पर कब्जे को लेकर टकराव की स्थिति बन गई है। वीरवार देर शाम सिख समुदाय के कुछ लोग गुरुद्वारे पहुंचे और वहां लगे बोर्ड और शिलान्यास पत्थर तोड़ दिया। उन्होंने गुरुद्वारे में दशकों से रह रहे निहंगों के परिवार सहित वहां से चले जाने को कहा। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। शुक्रवार को लोहगढ़ गुरुद्वारे जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने नाकेबंदी कर दिया। गुरुद्वारे में निहंग रहने के कारण बाबा बुड्ढा दल, पटियाला से कुछ निहंग शुक्रवार को यहां पहुंच गए। लेकिन नाका लगा होने के कारण वे गुरुद्वारे तक नहीं पहुंच पाए।
विज्ञापन


लोहगढ़ स्थित गुरुद्वारे में कई दशकों से रह रहे निहंग जयमल सिंह व अजमेर सिंह ने बताया कि  वीरवार शाम सिख समुदाय के करीब दो दर्जन लोग गाड़ियों से वहां पहुंचे। आरोप है कि उन लोगों ने गुरुद्वारे में लगे बोर्ड व एक शिलान्यास पत्थर को तोड़ दिया। गुरुद्वारे में बाबा बंदा सिंह बहादुर हेरिटेज डेवलेपमेंट फाऊंडेशन का बोर्ड लगा दिया। गुरुद्वारे में रह रहे निहंग जयमल सिंह व अजमेर सिंह को अपने परिवार सहित गुरुद्वारा छोड़कर जाने को कहा। जयमल सिंह व अजमेर सिंह ने इसका विरोध किया। इसे लेकर वहां टकराव की स्थिति बन गई। इसी बीच जिला प्रशासन को इसकी भनक लगी और कुछ देर में ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसके बाद गुरुद्वारे में आए लोग वहां से चले गए। मामले की सूचना मिलते ही डीसी उपायुक्त डॉ एसएस फुलिया, एसडीएम बिलासपुर नवीन अहूजा,तहसीलदार बिलासपुर, डीएसपी बिलासपुर सुभाष चंद, बीडीपीओ बिलासपुर राकेश संधू, थाना प्रभारी बिलासपुर, चौकी प्रभारी जगबीर सिंह व अन्य अधिकारीगण रात्रि में ही लोहगढ़ पहुंच गए।

-पटियाला से यमुनानगर आए निहंग-
गुरुद्वारे में निहंगों को बाहर निकालने का पता चलने पर बाबा बुड्ढा दल, पटियाला के निहंग मुखी बलबीर सिंह ने कुछ निहंगों को यमुनानगर भेजा। करीब एक दर्जन निहंग शुक्रवार को बिलासपुर पहुंचे। गुरुद्वारे की ओर जाने वाले रास्ते पर नाका लगा होने से पुलिस ने उन्हें गुरुद्वारे नहीं जाने दिया। इसके बाद वे कपालमोचन में बने गुरुद्वारे में रुक गए। देर शाम तक वे वहीं डटे हुए थे।
विज्ञापन


डीएसपी बिलासपुर सुभाषचंद ने बताया कि प्रशासन ने लोहगढ़ के विकास के लिए एक कमेटी का गठन किया है जिसमें करीब 200 सदस्य हैं। इसमें उक्त दोनों सेवादार भी शामिल हैं। इन्हें निकाल नहीं जा रहा है। दोनों पक्षों को डीसी कार्यलय बुलाया गया है। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिए गए है। लौहगढ़ जाने वाले सभी कच्चे व पक्के रास्तों पर नाके लगा दिए गए हैं। बुड्ढा दल से कुछ निहंग आए हैं। उन्हें भी कपालमोचन में ही रोक दिया गया है।

एसडीएम बिलासपुर नवीन आहूजा ने बताया कि रात के लिए बीडीपीओ राकेश संधु को डयूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है। किसी को भी गुरुद्वारे की ओर जाने नहीं दिया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें