हरियाणा के यमुनानगर में जहरीली शराब से जान गंवाने वाले मृतक के परिजनों को मिले मुआवजे से कमीशन मांगने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित की ओर से मिली शिकायत के बाद केस दर्ज कर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान काजीबांस गांव के सुरेंद्र के रूप में हुई।
दिवाली से पहले जिले में जहरीली शराब से 20 लोगों को जान गंवानी पड़ी थी। इसमें मंडेबरी, पंजेटो का माजरा, फूंसगढ़, सारन व मंगलौर गांव में कुल 18 लोगों की मौत हुई थी, जबकि अंबाला में भी दो लोगों की जान चली गई थी। प्रदेश सरकार ने जहरीली शराब पीने से हुई लोगों की मौत के मामले में पीड़ित परिवारों को तीन-तीन लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की थी।
इस दौरान काजीबांस का आरोपी सुरेंद्र रादौर में सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) चलाता था। उसने पीड़ित परिजनों के घर जाकर उन्हें मुआवजा दिलाने का झांसा दिया। उसने लोगों को बताया कि वह उन्हें आसानी से मुआवजा दिला सकता है। अब तक वह कई लोगों के फार्म भरवा चुका है। उस वक्त लोगों को आर्थिक मदद की जरूरत थी इसलिए उसे फार्म भरने के लिए बोल दिया।
कुछ जरूरी दस्तावेज भी दे दिए। सुरेंद्र ने लोगों के सामने यह शर्त रखी कि उन्हें जितना मुआवजा मिलेगा, उसमें से 10 प्रतिशत कमीशन देना होगा। पुलिस की जांच में सामने आया कि सुरेंद्र ने फिलहाल आठ फार्म भर कर सभी से कमीशन की मांग कर रखी थी। पीड़ितों में पंजेटो का माजरा निवासी प्रदीप कुमार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था।
शिकायत में बताया गया कि आठ नवंबर 2023 को जहरीली शराब पीने से उसके पिता श्रवण सिंह की मौत हो गई थी। पिता प्लंबर का काम करते थे। एक दिन सुरेंद्र उनके घर पर आकर कहने लगा कि वह मुआवजे के लिए अब तक कई लोगों के फार्म भर चुका है। उन्हें मुआवजा लेना है तो उनका भी फार्म भर देगा। उन्होंने सोचा की सरकार की किसी योजना के तहत फार्म भरे जा रहे होंगे।
कुछ दिन बाद ही उसकी मां किरणा देवी के खाते में मुआवजे के तीन लाख रुपये आ गये। 14 दिसंबर को सुरेंद्र कुमार उनके घर आकर कहने लगा कि उनके खाते में जो मुआवजा राशि आई है, वह उसकी वजह से आई है। इसलिए उसे 10 प्रतिशत के हिसाब से 30 हजार रुपये कमीशन चाहिए।
जब उन्होंने रुपये देने से मना कर दिया तो आरोपी सुरेंद्र ने धमकाना शुरू कर दिया। परेशान होकर उसने थाने में शिकायत कर दी। फर्कपुर चौकी इंचार्ज एएसआई मनोज ने बताया कि शिकायत मिलते ही आरोपी सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।