मुनानगर। बुड़िया थाना क्षेत्र के गांव शहजादपुर में शुक्रवार रात करीब 12 बजे दो नाकाबपोश बदमाश घुस गए। बदमाश जब गांव वासी महीपाल के घर के पीछे से अंदर घुसने लगे तो परिजनों ने शोर मचा दिया। बदमाश वहां से भागने लगे। परिजनों ने जब अन्य ग्रामीणों के साथ बदमाशों का पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग की। इसके बाद बदमाश कुछ दूरी पर खड़ी रेसिंग बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गए। घटना के समय बिजली गई हुई थी। जांच में पता चला कि बदमाशों ने पहले ट्रांसफार्मर से मेन लाइन को बंद किया हुआ था। घटना की सूचना पर एक पीसीआर मौके पर पहुंची, लेकिन जांच किए बिना ही चली गई।
गांव शहजादपुर में शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे बिजली चली गई। कुछ देर के बाद गांव शहजादपुर में ग्रामीण महीपाल के घर के पीछे से दो बदमाश आए। उस समय परिजन घर में ही लेटे हुए बातचीत कर रहे थे। तभी एक परिजन की नजर घर के पीछे से अंदर घुसने के इंतजार में खड़े एक बदमाश पर पड़ी। बदमाश ने मुंह पर सफेद रंग का रुमाल लपेटा हुआ था। परिजनों ने तुरंत चोर चोर बोलते हुए शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए। परिजनों ने ग्रामीणों संग मिलकर बदमाशों को पीछा किया। भागने पर पता चला कि बदमाश दो थे। दोनों ने मुंह पर कपड़ा लपेटा हुआ था। कुछ दूर तक जब ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा किया तो एक बदमाश ने पिस्टल से हवाई फायर किया। इसके बाद बदमाश बीकेड़ी रोड पर खड़े एक अन्य बाइक सवार बदमाश के पीछे बैठकर वहां से फरार हो गए।
टॉर्च व लाठियों लेकर सड़क पर आए ग्रामीण :
रात करीब 12 बजे फायरिंग की आवाज सुनकर अन्य ग्रामीण भी जाग गए। ग्रामीण हाथों में टॉर्च और लाठियां व डंडे लेकर सड़क पर आ गए। ग्रामीण सुरेंद्र, कंवरपाल, रोहित, सौरभ, धर्मवीर आदि ने बताया कि सबसे पहले दो बदमाश को देखा गया। जब बदमाशों का पकड़ने के लिए उन्होंने उनका पीछा किया तो उन्होंने एक राउंड फायर किया। इसके बाद बदमाश एक अन्य बाइक सवार बदमाश की बाइक पर बैठ फरार हो गए।
ट्रांसफार्मर से मेन लाइन थी बंद :
वारदात के दौरान गांव में बिजली नहीं थी। काफी देर तक जब बिजली नहीं आई तो कुछ मौजिज लोगों ने बिजली निगम पर बिजली जाने का कारण पूछा। लेकिन वहां से बिजली सप्लाई होने की बात कही गई। जब ग्रामीणों ने जांच की तो गांव के ट्रांसफार्मर से मुख्य स्विच बंद पड़ा हुआ मिला। आशंका जताई जा रही है कि उक्त बदमाशों ने ही पहले बिजली बंद की। उसके बाद किसी वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया।
वर्जन ::::::
लगाया जाएगा ठीकरी पहरा :
गांव शहजादपुर की सरपंच गीता रानी के पति रविंद्र का कहना है कि गांव शहजादपुर में शुक्रवार रात का अज्ञात लोगों के घुसने की घटना हुई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने फायरिंग की। मामले को देखते हुए गांव में ठीकरी पहरा लगाया जाएगा।
वर्जन :::
गांव शहजादपुर में हुई फायरिंग की उनके पास कोई सूचना या शिकायत नहीं आई है। यदि कोई शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी। चोरियों की घटनाओं को रोकने के लिए उन्होंने क्षेत्र के अधिकतर गांवों में ठीकरी पहरा लगवाने के निर्देश दिए हुए हैं। कुछ गांवों में ठीकरी पहरा लगवा दिए गया है।
इंस्पेक्टर हर दीपेंद्र सिंह, एसएचओ, थाना बुड़िया।