अज्ञात लोगों ने गीता बाजार रादौर के एक दुकानदार के बैंक खाते से हेराफेरी कर लगभग पौने दो लाख रुपये निकाल लिए। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रभावित दुकानदार ने मामले की सूचना रादौर पुलिस व केनरा बैंक के मैनेजर को दी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
गांव छोटाबांस निवासी सत्याव्रत आर्य ने बताया कि वह गीता बाजार रादौर में केनरा बैंक के बाहर आर्य फोटो लेमिनेशन के नाम से एक दुकान चलाता है। उसने केनरा बैंक रादौर से 12 लाख रुपये की लिमिट बनवाई हुई है। गत 28 जनवरी को अज्ञात लोगों ने उसके खाते से पौने दो लाख रुपये हेराफेरी से निकाल लिए। इसकी सूचना उसने केनरा बैंक के अधिकारियों को दी थी। लेकिन बैंक की ओर से मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
जिसके बाद उसने मामले की सूचना रादौर पुलिस को दी। प्रभावित दुकानदार सत्याव्रत आर्य ने बताया कि उसके खाते से एवेन्यूस इंडिया प्राईवेट लिमिटेड मुंबई के खाते में पौने दो लाख रुपये डाले गए है। इस बारे में कैनरा बैंक रादौर के मैनेजर अरविंद कुमार चौबे ने बताया कि बैंक मामले की जांच करेगा। जांच के बाद ही वह इस बारे विस्तार से बता सकते हैं। वहीं थाना रादौर प्रभारी वीरेंद्र राणा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।