शहर जगाधरी पुलिस ने नशीले इंजेक्शन बेचने व रखने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 140 इंजेक्शन भी बरामद किए है। आरोपी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से इंजेक्शन लेकर पंजाब जा रहे थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस टीम बस अड्डा जगाधरी के नजदीक वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक्टिवा सवार दो युवकों को चेकिंग के लिए रोका गया। जांच में एक्टिवा की डिग्गी से एलपी गोसिक बूपरमोर्फिन नामक दवाई के 140 इंजेक्शन बरामद किए।
पुलिस टीम ने ड्रग निरीक्षक को मौका पर बुला कर इंजेक्शन की जांच करवाई। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि इंजेक्शन का इस्तेमाल नशे के लिए होता है। पुलिस ने होशियारपुर के जंडियाला गांव निवासी मनदीप सिंह व संजीव कुमार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी है और नशा करने के लिए इंजेक्शन का इस्तेमाल करते हैं।
साथ ही नशीले इंजेक्शन बेचने का भी काम करते हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी इंजेक्शन सहारनपुर से लेकर अपने गांव जा रहे आए थे। आरोपियों के खिलाफ थाना शहर जगाधरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21ए के तहत केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।