द्वारकापुरी रोड स्थित मिलिट्री ग्राउंड के नजदीक एक निजी अस्पताल के पास कार में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद शहर थाना प्रभारी सुरेश पाल ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने कोई केस दर्ज नहीं किया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम उन्हें सूचना मिली थी कि द्वारकापुरी रोड स्थित एक कार में व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस तथा फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। शहर थाना प्रभारी सुरेश पाल ने बताया कि मृतक की जेब से मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान गांव महलांवाली निवासी गुलजार (47) के रूप में हुई है।
जिसका शव कार में चालक वाली सीट पर पड़ा हुआ था। साथ ही कार में संगीत बज रहा था। जब काफी देर तक कार द्वारकापुरी रोड पर खड़ी रही, तो आसपास के लोगों ने संदेह के आधार पर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की, तो उसमें गुलजार का शव मिला।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। गुलजार की मौत कैसे हुई, फिलहाल इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही मामले में पटाक्षेप कर दिया जाएगा।