गांव पीरूवाला के समीप कार सवार तीन युवकों ने पहले तो सामने से आ रही एक कार को टक्कर मारी। फिर कार में सवार दंपति के साथ मारपीट की और चोरी से कार में रखी तीस हजार रुपये की नकदी और महिला के गले से सोने की चेन लेकर फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
साढौरा निवासी कुलदीप कुमार ने थाना बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कस्बे में गारमेंट की दुकान है। वह 23 फरवरी को रात साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर पत्नी प्रीति के साथ यमुनानगर दुकान का सामान लेने जा रहे थे। जब वह जगाधरी मार्ग पर गांव पीरूवाला के समीप पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रही कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। इससे उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। दूसरी कार में सवार गांव रूकाली निवासी रवि, शेखपुरा निवासी समु व मलिकपुर निवासी निशांत ने कार से उतर कर उन दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने चोरी से उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन व कार में रखी तीस हजार रुपये की नकदी ले ली। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ लग गई, जिसे देख आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। उधर, मामले की जांच कर रहे एएसआई ईश्वर सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।