यमुनानगर। बुड़िया थाना क्षेत्र के गांव जयरामपुर में रॉड व दरांती से हमला कर युवक को घायल कर दिया। युवक ने एक परिवार के चार लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में युवक की शिकायत पर गांव के ही दंपति व उसके दो बेटों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर लिया है। उधर, बिलासपुर के भीलछप्पर के नजदीक पांच लोगों ने दो दोस्तों को रोक उन पर रॉड व डंडों से हमला कर दिया। इसमें दोनों दोस्त घायल हो गए।
गांव जयरामपुर निवासी सुमित ने बुड़िया पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका कुछ दिन पहले गांव के ही राजपाल के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय अन्य लोगों ने समझा कर मामला शांत करवा दिया। उसके बाद से आरोपी उससे रंजिश रखने लगा। उसने बताया कि 22 जून का वह गांव में ही किसी काम से जा रहा था।
रास्ते में राजपाल ने अपने लड़के नितिन, पंकज व पत्नी ममता के साथ मिलकर उस पर रॉड, लाठी, डंडों व दरांती से हमला कर दिया। हमले मे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
रास्ता रोक रॉड से हमला कर दो दोस्तों को किया घायल :
बिलासपुर। क्षेत्र के गांव जुड्डा शेखान निवासी गुलशन ने बताया कि वह अपने दोस्त पीरूवाला निवासी रोहित के साथ किसी काम से बिलासपुर-साढौरा मार्ग से जा रहा था। रास्ते में गांव भील छप्पर के नजदीक बिलासपुर निवासी रमजान, बटेहड़ी निवासी इंद्रजीत सिंह, लेदा निवासी जसतार, बिलासपुर निवासी ज्ञानी व मंगलेश ने उन्हें रोककर उन पर रॉड, बिंडों, लाठियों से हमला कर दिया।
हमले में वह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों को आता देखकर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।