यमुनानगर। लोकसभा चुनाव में लगी फ्लाइंग टीम ने रक्षक विहार नाके से प्राइवेट बस से जा रहे व्यक्ति के पास से 6.30 लाख रुपये बरामद किए हैं। जांच के दौरान व्यक्ति राशि के संबंध में कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। टीम ने व्यक्ति को सात दिन में राशि संबंधित दस्तावेज दिखाने का समय दिया है।
पंचायत राज विभाग के जेई कौशल सैनी व एएसआई राजकुमार रक्षक विहार नाके पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान बिलासपुर की तरफ से आई प्राइवेट बस की जांच की गई। जांच के दौरान बस में सवार राकेश कुमार नामक व्यक्ति से कैश मिला। गिनती करने पर छह लाख 30420 रुपये की राशि बरामद हुई। पूछताछ में उक्त व्यक्ति इस नकदी का पुख्ता एवं ठोस सबूत नहीं दे सका। पुलिस ने इसकी रिपोर्ट लिख ली है। टीम ने कैश को सरकारी खजाने में जमा कराने के लिए भेज दिया है। वहीं जगाधरी पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। एसएचओ राकेश का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पकड़ा गया व्यक्ति कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। आयकर टीम को बुलवाया गया। यह राशि आयकर विभाग ने जब्त कर ली है। इसके साथ ही उन्हें सात दिन का समय राशि के संबंध में दस्तावेज पेश करने का दिया गया है।