यमुनानगर। पंजाब पुलिस में कमांडो की नौकरी दिलवाने के नाम पर एक व्यक्ति ने युवक से पांच लाख रुपये हड़प लिये। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामला अदालत के आदेश पर दर्ज किया गया है।
गांव नगला जागीर निवासी बलविंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक वर्ष पहले वह नौकरी की तलाश में घूम रहा था। इस दौरान उसकी मुलाकात कैथल के गांव टुटियाना निवासी लाली शर्मा उर्फ बीरबल से हो गई। उसने उसे पंजाब पुलिस में कमांडो के पद पर भर्ती करवाने का आश्वासन दिया और पांच लाख रुपये खर्च आने की बात कही। जिस पर वह राजी हो गया और आरोपी को उस समय खर्च की पांच लाख रुपये की राशि दे दी। उस वक्त आरोपी ने उसके उसकी फोटो, दस्तावेज व प्रमाणपत्र लिए थे। साथ ही दो महीने के भीतर कमांडो के पद पर भर्ती करवाए जाने का आश्वासन दिया। आरोप है कि वादे के मुताबिक आरोपी ने न तो उसे पंजाब पुलिस में कमांडो के पद पर भर्ती करवाया और न ही उसके पैसे वापस दिए। उसने नौकरी न लगवाने पर आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे। लेकिन आरोपी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और दोबारा पैसे मांगने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर उसने आरोपी की शिकायत पुलिस में की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने आरोपी के खिलाफ अदालत में याचिका दायर की। अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए पुलिस को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के आदेश दिए। छप्पर पुलिस ने देर शाम अदालत के आदेश पर बलविंद्र की शिकायत के आधार पर आरोपी लाली शर्मा उर्फ बीरबल के खिलाफ धोखाधड़ी करने, अमानत रखने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कोर्ट के आदेश पर आरोपी लाली शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में केस दर्जकर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- ललित कुमार, एसएचओ, थाना छप्पर।