अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
खारवन रोड स्थित गुप्ता प्लाइवुड फैक्टरी में सोमवार आधी रात के बाद आग लग गई। तेज हवाओं की वजह से आग भड़क गई और साथ लगती भूमि पर पकी गेहूं की फसल को भी चपेट में ले लिया। आग से फैक्टरी मालिक को कई लाख रुपये और किसान को हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। दमकल विभाग की 11 गाड़ियों ने नौ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने में तेज आंधी बाधा बनी रही। जिसके चलते काफी समय व पानी खर्च हुआ और नुकसान ज्यादा हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल कोई पता नहीं चल पाया।
रात करीब ढाई बजे खुले में पड़े प्लाई पत्ते में अचानक आग लग गई। आंधी के चलते आग भभक गई और देखते ही देखते फैक्टरी के अंदर पहुंच गई। आंधी से आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास करने लगी। इसके बाद ये गाड़ियां बार बार चक्कर लगाती रही। लेकिन तूफान के चलते आग बेकाबू हो गई और गेहूं की फसल में भी फैल गई। देखते ही देखते करीब दो एकड़ गेहूं की फसल राख हो गई। काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब 11 बजे तक आग पर काबू पाया गया। फैक्टरी मालिक पंकज सिंगला के अनुसार आग लगने से उसका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्लाई बोर्ड और प्लाई पत्ते के साथ मशीनरी भी जल गई।
अच्छी पैदावार हुई थी, काटने की थी तैयारी :
भूखड़ी निवासी सेवाराम व ऋषिपाल का कहना है कि फैक्टरी के आसपास उनकी जमीन लगती है। जिसमें उन्होंने गेहूं की फसल बोई हुई थी। इस बार गेहूं की अच्छी पैदावार हुई थी। जिसे काटने की तैयारी थी। लेकिन आग लगने से उनकी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। उन्होंने ही आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी थी। जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची।