यमुनानगर। नवनिर्मित नेशनल हाईवे 344 पर गांव भंभौल के पास दो बदमाशों ने चलती बाइक पर किसान के सिर में रॉड व डंडा मारकर गिरा दिया। इसके बाद बदमाश उसकी बाइक लूट कर फरार हो गए। वारदात के समय किसान खेतों में पानी देते समय ढाबे पर चाय पीने के लिए जा रहा था। पुलिस ने मामले में दो युवकों के खिलाफ लूट का केस दर्जकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
रूल्हाखेड़ी निवासी रवींद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने रडे का माजरा में ठेके पर जमीन ली हुई है। मंगलवार की रात को वह खेत में पानी देने के लिए बाइक से गया था। पानी देते हुए उसे नींद आ रही थी। इसलिए वह रात करीब एक बजे पास के ही राजू पंजाबी ढाबे पर चाय पीने के लिए बाइक पर जा रहा था। जब वह भंभौल के पास पहुंचा पीछे से बाइक पर दो युवक आए। पीछे बैठे हुए युवक के हाथ में रॉड थी। इससे पहले वह कुछ समझ पाती आरोपी युवक ने उसके सिर पर वार किया। उसने उसका वार रोकने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसल गई और वह नीचे गिर पड़ा। दोनों युवकों ने बाइक रोककर उसे डंडों से पीटा और उसकी बाइक लूटकर फरार हो गए। उसने ढाबे पर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में लग गई।
चौबीस घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार :
सीआईए वन के इंचार्ज महावीर सिंह ने बताया कि लूट की वारदात के बाद उन्होंने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। देर रात पुलिस ने कैल के नजदीक से लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान तेलीपुरा निवासी उस्मान के रूप में हुई है। उस्मान में पूछताछ के दौरान इस वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपी उस्मान ने बताया कि इस वारदात में उसके साथ फेरूवाला निवासी पारस भी था। इसके बाद आरोपी पारस को भी काबू कर लिया गया।
वर्जन
बाइक बरामद, दोनों भेजे जेल :
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से लूटी गई बाइक व वारदात में प्रयुक्त सामान बरामद कर लिया गया है। गुुरुवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। महावीर ने बताया कि दोनों आरोपियों का पहले कोई अपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। शराब के नशे में दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
- महावीर सिंह, इंचार्ज, सीआईए वन।