सरपंच और बेटे पर हमला करने वाले हमलावर गिरफ्तार
रादौर। गुमथला सरपंच कृष्ण मेहता व उनके बेटे हर्ष पर हमला करने वाले तीन और हमलावरों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि मामले में पुलिस नीरज व सौरव को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। कुछ दिन पहले गांव के पांच युवकों ने रंजिशन सरपंच कृष्ण मेहता व उनके बेटे हर्ष पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने सरपंच की शिकायत पर पांचों के खिलाफ केस दर्ज किया था। मामले में शुभम, गौरव और विशाल फरार चल रहे थे। इसी मामले को लेकर सरपंच थाना जठलाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर पृथ्वी सिंह से मिलकर हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की थी। थाना जठलाना प्रभारी पृथ्वी सिंह ने बताया कि मामले में पकड़े गए तीनों युवकों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।