युवती ने युवक पर लगाया पीछा करने और गली में आकर गालियां देने का आरोप
पुलिस ने युवक पर की एफआईआर
यमुनानगर। थाना छप्पर के गांव सारन निवासी एक युवती ने गांव के लिए युवक पर उनका पीछा करने और गली में आकर गाली गलौच करने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर भाई के साथ मारपीट करने और गाली गलौच करने का भी आरोप है। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
थाना छप्पर के गांव सारन निवासी युवती ने बताया कि उसने हाल ही में बीकॉम की परीक्षा पास की है। इन दिनों वह यमुनानगर में कंप्यूटर कोर्स कर रही है। वे दोनों बहने अपने गांव से एक साथ धीन बस स्टैंड पर आती हैं और वहां से बस पकड़कर यमुनानगर जाती है। आरोप है कि जब वह बस स्टैंड पर आती है तो उनके गांव का ही लड़का पवन कुमार उनका पीछा कर उन्हें परेशान करता है। बीती आठ जनवरी को जब वह रात करीब नौ बजे अपने ताऊ के घर जन्मदिन में से वापस घर जा रही थी रास्ते में उनके घर के पास आरोपी पवन बैठा हुआ था। आरोप है कि उसने उसे बोला कि अपनी बहन को बुला। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे गाली गलौच की। जब उसका भाई बाहर आया तो आरोपी ने उसके भाई के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि आरोपी रोजाना उनकी गली में आता है और गाली गलौच करता था। उन्होंने परेशान होकर इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप में एफआईआर दर्जकर ली है।