साढ़े चार वर्ष बाद युवती ने युवक पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, चार पर एफआईआर
फेसबुक पर हुई थी दोस्ती, फिर अगवा कर किया था दुष्कर्म
आरोपी युवक व उसके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। कुंजपुरा करनाल निवासी एक युवती ने हुडा सेक्टर-17 निवासी एक युवक पर उसे अगवा करके दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। पीड़िता ने युवक के परिजनों पर भी उसे अगवा करने में शामिल होने का आरोप लगाया है। मामला करीब साढ़े चार वर्ष पुराना है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक समेत उसके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी।
कुंजपुरा करनाल निवासी युवती ने महिला पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि उसकी 2014 में फेसबुक पर हुडा सेक्टर-17 निवासी हरविंद्र धीमान के साथ दोस्ती हो गई थी। इस दौरान उनकी फेसबुक पर घंटों बातें होने लगी। इसके बाद उन दोनों का एक दूसरे के घर आना जाना शुरू हो गया। युवती ने बताया कि 10 जून 2014 को आरोपी हरविंद्र धीमान ने उसे अपने घर मिलने के लिए बुलाया। जब वह आरोपी युवक को मिलने के लिए आई तो उसने उसे कोई नशीला पदार्थ पिला दिया। जिससे वह बेहोश हो गई। युवती ने बताया कि अगले दिन वह अंबाला में नग्न अवस्था में मिली। उसने आरोप लगाया कि आरोपी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस काम में आरोपी युवक के परिजनों कृष्णा धीमान, किरण धीमान व मंजू धीमान ने उसका साथ दिया। युवती ने अब घटना की शिकायत महिला पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी युवक व उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
वर्जन
महिला थाना प्रभारी शीलावंती का कहना है कि युवती की शिकायत पर आरोपी युवक व उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला क्लीयर किया जाएगा।