कॉफी की मशीन फटने से गंभीर रूप से घायल की पीजीआई में मौत
रादौर। गांव रादौरी में शादी समारोह के दौरान कॉफी की मशीन फटने से गंभीर रूप से घायल हुए रादौर निवासी चुन्नीलाल (40) की पीजीआई चंडीगढ़ में ईलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाते हुए शव को परिजनों के हवाले कर दिया। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले गांव रादौरी में शादी समारोह के दौरान रादौर निवासी चुन्नी लाल कॉफी की मशीन पर काम करने के लिए गया था। इसी दौरान अचानक कॉफी की मशीन फट गई। कॉफी की मशीन फटने से चुन्नी लाल गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे इलाज के लिए यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां घायल के हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई चंडीगढ रेफर किया जहां ईलाज के दौरान चुन्नी लाल की मौत हो गई। मृतक चुन्नी शहर व क्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में लगभग 20 वर्षों से कॉफी बनाने का काम करता था जो कि दो लड़कों का पिता था।