ट्रक ने बाइक सवार आईटीआई छात्रों को मारी टक्कर, एक की मौत
यमुनानगर। छुट्टी कर बाइक पर घर लौट रहे आईटीआई के वाइस प्रेजीडेंट साहिल व उसके साथी सागर को ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से छात्र साहिल सड़क पर गिर गया, जबकि सागर सड़क किनारे। सड़क पर गिरे साहिल का सिर से ट्रक का पहिया गुजर गया। जिससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक में बाइक फंस गई। जिसे ट्रक काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे शहर के बीच से निकल रहे नेशनल हाइवे 73 पर बाइपास पर नीचे उतरते हुए हुआ। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक पर एफआईआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
आईटीआई से छुट्टी कर घर लौट रहे थे दोनों छात्र
जम्मू कॉलोनी निवासी साहिल गुर्जर (22) आईटीआई में ट्रैक्टर मैकेनिक की ट्रेड का प्रथम वर्ष का छात्र था। हाल ही में साहिल आईटीआई का एनएसयूआई का वाइस प्रेजीडेंट बना था। उसका दोस्त जम्मू कॉलोनी निवासी सागर भी आईटीआई में मोटर मैकेनिक की ट्रेड का छात्र है। बुधवार दोपहर बाद दोनों छात्र आईटीआई से छुट्टी कर जम्मू कॉलोनी अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बाइपास पर पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद साहिल सड़क पर गिर गया, जबकि सागर सड़क की दूसरी तरफ किनारे पर गिर गया। बाइक ट्रक के आगे फंस गई। इसके बाद ट्रक का पहिया सड़क पर पड़े साहिल के सिर को कुचलता हुआ आगे निकल गया। इससे साहिल की मौके पर ही मौत हो गई।
बॉक्स
दो सौ मीटर तक बाइक फंसी हुई ले गया ट्रक :
बाइपास पर आईटीआई के वाइस प्रेजीडेंट साहिल को कुचलने के बाद भी आरोपी ट्रक चालक नहीं रुका। ट्रक के आगे दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइक फंस गई। इसे घसीटते हुए ट्रक दो सौ मीटर तक चलता गया। यदि बाइक न फंसी होती तो आरोपी ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो जाता लेकिन जब बाइक फंस गई तो वह ट्रक छोड़ मौके से भाग निकला। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और हाइवे पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर शहर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जाम खुलवाया।
बॉक्स
लोग बनाते रहे वीडियो, घायल तड़फता रहा :
हादसे के बाद कुछ लोग सड़क पर क्षतविक्षत पड़े शव की वीडियो बनाते रहे। वहीं, हादसे में घायल हुआ छात्र सागर सड़क किनारे दर्द से कराहता रहा। लेकिन वीडियो बनाने वाले उसकी भी वीडियो बनाने में मशगूल रहे। बाद में कुछ लोगों ने घायल को उठाया।
बॉक्स
आरके स्कूल के प्रिंसिपल थे मृतक के पिता, कुछ साल पहले हो गई थी मौत :
मृतक साहिल के पिता रमेश कुमार जम्मू कॉलोनी स्थित आरके स्कूल के प्रिंसिपल थे। कुछ साल पहले उनकी अचानक मौत हो गई थी। उनकी मौके के बाद अभी परिवार उभर ही नहीं पाया था। अब जवान युवक की मौत हो गई। साहिल की मौत के बाद अब परिवार की जिम्मेदार उसके बड़े भाई राहुल पर है।
बॉक्स
खतरों से खाली नहीं बाइपास का 600 मीटर का सफर
शहर के बीच से निकल रहे एनएच 73 पर बने बाईपास का लगभग छह सौ मीटर का सफर खतरे से खाली नहीं है। बाईपास पर कई स्थानों पर जहां रेलिंग टूटी हुई है। वहीं, सड़क कई स्थानों से क्षतिग्रस्त है। बाईपास से उतरते हुए मोड़ है। जो सबसे अधिक खतरनाक है। मोड़ पर बाइपास पर ढलान होने के कारण वाहन की स्पीड अधिक हो जाती है। जिससे अधिकतर हादसे होते है। इसके अलावा सड़क किनारे व बर्म के गैप भी बढ़ चुके है। जो हादसों को निमंत्रण दे रहे है। हर साल बाईपास पर दर्जनभर हादसे हो जाते है।
वर्जन
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर शव को कब्जे में ले लिया था। कुछ देर के लिए जाम की स्थिति हाइवे पर बनी थी। जिसे कुछ देर बाद सुचारू कर दिया गया था। पुलिस ने मामले सागर के बयानों पर ट्रक के अज्ञात चालक पर एफआईआर दर्जकर ली है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। जल्द चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फोटो : 18 से 22