पेपर दे रही छात्रा, बाहर रखा बैग चोरी
यमुनानगर। जीएनजी कॉलेज में पेपर देने आई बीकॉम की छात्रा का बैग चोरी हो गया। छात्रा बैग रूम के बाहर रखे बैंच पर रखकर पेपर देने गई थी। बैग में 25 सौ रुपये की नगदी, दो मोबाइल व बुक्स थी। पुलिस ने अज्ञात पर एफआईआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है। बिलासपुर के पीपलीवाला निवासी शिवानी ने बताया कि वह जीएनजी कॉलेज में बीकाम की पढ़ाई कर रही है। चार दिसंबर को कॉलेज में पेपर देने के लिए आई थी। उसके पास मोबाइल व 2500 नकदी थी। जब वह पेपर देने रूम में गई तो उसने मोबाइल और नकदी अपने हैंडबैग में रख बैग को रूम के बाहर रखे बैंच पर रख दिया। इस दौरान उसकी सहेली प्रियंका का मोबाइल भी उसने अपने बैग में रख दिया। दोनों सहेलियां दोपहर करीब एक बजे जब पेपर देकर रूम से बाहर आई तो वहां से उसका बैग गायब था। उन्होंने पीयन, अन्य छात्राओं व स्टाफ सदस्यों से बैग के बारे में पूछताछ की लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। उसके बैग में दो मोबाइल, 25 रुपये की नकदी, बुक्स व अन्य सामान था। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
कोट बसावा निवासी इरफान ने बताया कि वह महावीर इंडस्ट्रीज जगाधरी में काम करता है। बीती एक दिसंबर को सुबह करीब साढ़े नौ बजे बाइक पर फैक्टरी आया था। इस दौरान उसने बाइक फैक्टरी के सामने तोता राम धर्मशाला के पास खड़ी की थी और फैक्टरी में काम करने चला गया। शाम को जब वह फैक्टरी से बाहर आया तो वहां से उसकी बाइक गायब थी। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात पर एफआईआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है।