घर में सोना दबा होने का लालच देकर एक लाख रुपये की ठगी
पूजा के दौरान परिवार को आंखें बंद करने की बात कहकर चंपत हुए आरोपी, एक को पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। क्षेत्र के गांव रानीपुर में घर में सोना दबा होने का लालच देकर तांत्रिक और एक बिचौलिया एक लाख रुपये ठग ले गया। आरोपी तांत्रिक ने सोना निकालने के लिए घर में पूजा भी करवाई और रात के समय घर के अंदर खुदाई की। पांच फुट घर खोदने के बाद तांत्रिक ने सभी परिवार सदस्यों को आंखें बंद करने को बोला। इसी दौरान आरोपी तांत्रिक व बिचौलिया वहां से चंपत हो गया। बाद में परिवार के सदस्यों ने उनका पीछा कर बिचौलिये को पकड़ लिया, जबकि तांत्रिक भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
गांव रानीपुर के आर्य फिलिंग स्टेशन के पास हीरालाल पुत्र मेहर सिंह का घर है। इसमें खुदाई कर सोना चांदी व धन निकालने के लिए यूपी से एक तांत्रिक आया हुआ था। इसने हीरालाल के घर में पूजा कर खुदाई करवाई खुदाई शुरू करने से पहले एक लाख रुपये ले लिए। जब खुदाई में कुछ नहीं निकला तो वह एक लाख रुपये लेकर अपने आदमियों के साथ चंपत हो गया। हीरालाल ने उसे अपने आदमियों को साथ लेकर रामपुर बस स्टैड़ से पकड़ लिया व पुलिस के हवाले कर दिया। छछरौली के नामी पहलवान नवाब की जान पहचान रानीपुर के आर्य फिलिंग स्टेशन के पास रहने वाले हीरालाल पुत्र मेहचंद से हुई। पहलवान नवाब ने हीरालाल की बिजनौर के मोहम्मद इस्माईल वासी इनायतपुर तहसील नगीना थाना वाघापुर से करवाई। इस्माईल तांत्रिक का कार्य करता है। जो एक दो बार हीरालाल के घर आया। और उनकी अच्छी जान पहचान हो गई। तांत्रिक इस्माइल ने हीरालाल को बताया था कि पहलवान नवाब के पास सोने का सांप है। सोमवार को हीरालाल के घर में देर रात्रि तक खुदाई व पूजा चलती रही। खुदाई करने वाले आदमी भी तांत्रिक के ही थे। खुदाई करते समय जब रात्रि के लगभग तीन बज गए और सोना, चांदी व धन नहीं निकला तो तांत्रिक ने हीरालाल व मौजूद उसके परिवार के सदस्यों को डराया कि यदि परिवार के किसी भी सदस्य ने अपना स्थान छोड़ा या अपनी जगह से हिले तो उनकी मौत हो सकती है और घर में आग भी लग सकती है। परिवार के सदस्य डर के मारे एक स्थान पर बैठे रहे। इसी समय मौका देखकर तांत्रिक और उसके साथी मौके से खिसक लिए। थोड़ी देर बाद घर के मालिक हीरालाल को शक हुआ और उसने खुदाई वाले कमरे में देखा तो वहां कोई नहीं दिखाई दिया। तब हीरालाल को आभास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है। इस संबंध में रणजीपुर चौकी प्रभारी सुखवींद्र सिंह का कहना है कि हीरालाल ने उन्हें उसके साथ धोखाधड़ी होने की शिकायत दी है। तांत्रिक व उसके साथियों के साथ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
फोटो : 24 से 26